बस्ती । जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर सोमवार को जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा के संयोजन में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी का 74 वां जन्म दिन सादगी के साथ पौधरोपण करके मनाया गया। इसी क्रम में आगामी 14 दिसम्बर को दिल्ली के रामलीला मैंदान में आयोजित 'भारत बचाओ महारैली' में बस्ती की भागीदारी पर विचार कर निर्णय लिये गये। पत्रकारों से संयुक्त रूप से बातचीत करते हुये महारैली प्रभारी वीरेन्द्र प्रताप पाण्डेय और देवेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा की सरकार से देश प्रदेश की जनता का मोहभंग होता जा रहा है। 'भारत बचाओ महारैली' में किसानों, नौजवानों, व्यापारियों के हितों के सवाल उठाये जाने के साथ ही बेटियों की रक्षा, बढ़ती नफरत, आसमान पर प्याज के भाव आदि के मुद्दे प्रभावी ढंग से उठाकर भाजपा सरकार को घेरा जायेगा।
नेताद्वय ने पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहा कि भाजपा ने अच्छा दिन लाने का वादा किया था किन्तु अब तो देश में बेटियां सरे आम सड़कों पर जलायी जा रही है। गरीबों की थाली से प्याज गायब हो गई, अर्थ व्यवस्था लड़खडा गई है, उत्तर प्रदेश में तीन वर्षो से गन्ना मूल्य नहीं बढाया गया। कहा कि रोजगार के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं किन्तु भाजपा सरकार की तंद्रा टूटने का नाम नहीं ले रही है। 'भारत बचाओ महारैली' इन्ही सवालों पर केन्द्रित है जिसमें बड़ी संख्या में बस्ती की भागीदारी रहेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने कहा कि 'भारत बचाओ महारैली' की तैयारियां जोरों पर हैं, ब्लाक स्तर पर लोगों से सम्पर्क किया जा रहा है। भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों से हर वर्ग त्रस्त है, रैली को लेकर जन मानस में उत्सुकता है। भाजपा के अच्छे दिनों को लाने का भ्रम अब टूट गया है, यह सरकार हर मोर्चे पर विफल है।
प्रेस वार्ता और श्रीमती सोनिया गांधी के 74 वें जन्म दिन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रूप से राम गोपाल सिंह, विश्वनाथ चौधरी, ज्ञानेन्द्र पाण्डेय 'ज्ञानू' आदित्य त्रिपाठी, डा. दीपेन्द्र प्रताप सिंह, राना दिनेश प्रताप सिंह, कर्नल अभय सिंह, जितेन्द्र प्रताप सिंह, अयाज अहमद, डा. वाहिद सिद्दीकी, जगदीश, मनोज सिंह, अलीम अख्तर, देवी प्रसाद पाण्डेय, जावेद अहमद, सचिन शुक्ल, भूमिधर गुप्ता, शशि भूषण तिवारी, लोवनी सिंह, नीलम विश्वकर्मा, शाहिबा खातून, गायत्री गुप्ता, शकुन्तला देवी, दीपक आर्य, मो. सिद्दीक, संदीप श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश पाण्डेय, लालजीत पहलवान, सलाहुद्दीन, इन्द्रपाल, पंकज यादव, कमरूल हुदा, विक्रम चौहान, अजमत उल्लाह, सोमनाथ पाण्डेय के साथ ही अनेक कांग्रेसजन शामिल रहे।