बस्ती । समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष महेन्द्रनाथ यादव ने पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी और पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी द्वारा जारी ‘आवाहन’ बुकलेट का वितरण शुक्रवार को गांधीनगर से आरम्भ किया। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोरोना संकट काल में भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुये कहा है कि पिछले 6 वर्षो में गरीबों, किसानों, मजदूरों के लिये अनेक घोषणायें की गई किन्तु उन पर अमल नहीं हुआ।
सपा जिलाध्यक्ष महेन्द्रनाथ यादव और पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी ने लोगों में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश वितरित करते हुये कहा कि समाजवादी पार्टी राजनीति में शुचिता की पक्षधर है और अब लोगों को सपा सरकार के पूर्व कार्यकाल की उपलब्धियां याद आ रही है। कहा कि किसान लुट रहा है, मजदूर भूखो मर रहा है, बेरोजगारी सुरसा की तरह आकार बढाती जा रही है, नौकरी के नाम पर युवाओं को धोखा दिया जा रहा है। छात्र कुण्ठित हैं, बुनकर, दस्तकार, छोटा, मझोला बडा उद्यमी किसानों की तरह आत्महत्या करने को विवश हैं। ऐसे कठिन समय में समाजवादी पार्टी राज्य व केन्द्र सरकार की अक्षम्य गलतियों, जन विरोधी नीतियों का जनता के बीच जाकर पर्दाफाश करेगी। सपा जिलाध्यक्ष महेन्द्रनाथ यादव ने बताया कि इस संदेश को पार्टी कार्यकर्ता लोगों तक पहुंचायेंगे जिससे समझा जा सके कि किस प्रकार से भाजपा आम जनता पर जुल्म ढा रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश वितरित करने वालों में सिद्धेश सिन्हा, जावेद पिण्डारी, अरविन्द सोनकर, मो. सलीम मो. जावेद, मोईन अहमद, रामवृक्ष यादव, मो. शाहिर, मो. हारिश आदि पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल रहे।